सिद्धार्थनगर में शादीशुदा महिला से छेड़खानी पर युवक को तालिबानी सजा दी गई। 4 से 5 लोगों ने युवक को पेड़ से बांध दिया। इसके बाद नाम और पता पूछ जमकर पीटा। 3 लोगों ने ताबड़तोड़ 31 सेकेंड में ही 12 डंडे बरसा दिए। युवक चीखता और चिल्लाता रहा। इसके बावजूद कोई बचाने नहीं आया।
एसपी सिद्धार्थनगर अमित कुमार आनंद ने बताया कि युवक पर शादीशुदा महिला से छेड़खानी का आरोप है। महिला के परिजनों की तहरीर पर युवक पर मुकदमा दर्ज किया गया है। पेड़ से बांधकर पिटाई करने पर महिला के घर वालों और अन्य लोगों पर भी कार्रवाई की गई है।

स्थानीय लोगों के अनुसार भवानीगंज इलाके के एक गांव में युवक ने महिला से छेड़खानी की थी। युवक बस्ती जिले के कटरिया गांव का रहने वाला है। शुक्रवार को वह यहां पहुंचा। इसके बाद गांव की शादीशुदा महिला से छेड़खानी कर दी। महिला के शोर मचाने पर ग्रामीणों ने उसे मौके पर पकड़ लिया। इसके बाद पेड़ से बांधकर उसकी पिटाई की गई।