महंगाई, किसानों की समस्या और सपा कार्यकर्ताओं पर फर्जी मुकदमें दर्ज करवाने के खिलाफ प्रदर्शन करने विधानभवन जा रहे सपा कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान उनकी पुलिस से धक्कामुक्की भी हुई जिस पर पुलिस ने बलप्रयोग किया। सपा ने मंगलवार को विधानभवन स्थित पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा के समक्ष 14 से 18 सितंबर तक धरना देने का एलान किया था। जिसके लिए विधायक सपा कार्यालय से विधानभवन की तरफ जा रहे थे। इसके पहले, सपा विधायकों का आरोप है कि पुलिस ने उन्हें घर में नजरबंद कर दिया और मीडिया से भी बात करने की अनुमति नहीं दी।
वहीं, जो विधायक विधानभवन पहुंचे उन्हें वापस कर दिया गया। विधानभवन और सपा कार्यालय के बाहर सुबह से ही भारी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात कर दिया गया। बुधवार सुबह सपा विधायक जाहिद बेग और चौधरी समरपाल सिंह विधानभवन पहुंचे तो उन्हें अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई। उनका कहना था कि सरकार दमनकारी रवैया अपना रही है जो कि ठीक नहीं है। इससे पहले सपा विधायक मनोज पांडेय विधानभवन जाने के लिए पार्टी कार्यालय से निकले ही थे कि उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। कई जगहों पर शप्रदर्शन करने के लिए निकले सपाइयों की पुलिस से भिड़ंत हो गई।
इधर, सपा प्रमुख अखिलेश यादव के आवास के बाहर भी भारी फोर्स तैनात है. साथ ही सपा के प्रदेश मुख्यालय पर भारी संख्या में फोर्स तैनात किया गया है. बता दें कि महंगाई, बेरोजगारी, कानून व्यवस्था समेत कई मुद्दों पर सपा बुधवार से विधानसभा के सामने धरना देने जा रही थी, लेकिन पुलिस और प्रशासन ने सभी को रोक दिया। सपा मुख्यालय को छावनी बनाया गया था और तमाम सपा विधायकों को कार्यालय के अंदर ही रोक दिया गया। पार्टी मुख्यालय के दोनों तरफ से आवागमन भी बंद कर दिया गया। पार्टी मुख्यालय के दोनों तरफ लोहे की बैरिकेडिंग से घेराबंदी भी की गई।
पुलिस घेराबंदी पर सपा को ट्विटर वार पुलिस की सख्त घेराबंदी के बीच समाजवादी पार्टी ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से एक के बाद एक कई कई ट्वीट किए। इनमें से एक ट्वीट में कहा गया कि महंगाई, बेरोजगारी, ध्वस्त कानून व्यवस्था, भर्तियों में धांधली, स्वास्थ्य सेवाओं में भ्रष्टचार, गरीब के घरों पर चल रहे बुलडोजर, किसानों की दुर्दशा के मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगने आज विधानसभा जा रहे हैं सपा विधायक, लेकिन पुलिस सपा विधायकों को घरों से निकलने नहीं दे रही। घोर निंदनीय!